Type Here to Get Search Results !

HBSE 10th Result 2023 : छोटे से गांव की वर्षा ने प्रदेश में किया टॉप, 498 अंक मिले, बोली-आईपीएस बनना है सपना

वर्षा के साथ परिवार और गांव के लोग खुशी मनाते हुए। 

वर्षा के साथ परिवार और गांव के लोग खुशी मनाते हुए। 

सोनीपत।  हरियाणा बोर्ड 10वीं के परीक्षा परिणाम (Haryana Board 10 Result) में गांव बलि ब्राह्मणान की रहने वाली वर्षा ने प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। गोहाना के एक छोटे से गांव की रहने वाली वर्षा ने सिकंदरपुर माजरा स्थित संत बाबा घोघर पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। साधारण परिवार से संबंध रखने वाली वर्षा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार और शिक्षकों को दिया है। वहीं बेटी की इस उपलब्धि पर परिजन भी उत्साहित हैं। इसी वजह से गांव और परिवार में लड्डू बांटकर बधाई दी जा रही है।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में वर्षा ने 500 में से 498 अंक प्राप्त किए हैं। वर्षा बताती हैं कि उनकी अध्यापिकाओं ने बहुत मेहनत करवाई है, इसी वजह से वो प्रदेश में प्रथम आ पाई है। वर्षा ने कहा कि परिवार ने भी हर समय उसकी मदद की है, उनके सहयोग के कारण ही वो मन लगाकर पढ़ाई कर पाई। इस दौरान वर्षा के स्कूल के टीचर्स भी घर पर पहुंचें, जहां पर वर्षा और परिजनों को बधाई दी। दूसरी ओर रिश्तेदार और जान-पहचान वाले भी लगातार बधाई संदेश पहुंचा रहे हैं। पिता नवीन ने वर्षा की उपलब्धि पर खुद को गौरवान्वित बताया और कहा कि बेटी होनहार है, इसीलिए आज प्रदेश में पूरे परिवार का नाम रोशन हुआ है। नवीन को अपनी बेटी से भविष्य में भी इसी तरह अच्छे अंक लाने और सपने पूरा करने की पूरी उम्मीद है।

आईपीएस बनना है सपना

वर्षा ने बताया कि उसका सपना आईपीएस बनना है। बकौल वर्षा इसीलिए उसने पढ़ाई को अपना हथियार बनाया है, ताकि पढ़-लिखकर आईपीएस बन सकूं और समाज में फैले अपराध को नष्ट कर सकूं। इस दौरान वर्षा ने अन्य विद्यार्थियों को संदेश दिया कि जितना भी पढ़ना है, उसे ध्यानपूवर्क पढ़ना है। कोई भी टॉपिक कल या परसों पर ना टालें। क्योंकि कल या परसों कभी नहीं आता। वर्षा ने बताया कि वह स्कूल की पढ़ाई के उपरांत घर पर छह से सात घंटे पढ़ाई करती थी। स्कूल में जो भी पढ़ाया जाता था, उसे घर पर जरूर रिवाइज्ड करती थी।

रोते-रोते बोली, मुझे तो यकीन नहीं हो रहा


प्रदेश भर में टॉप करने वाली वर्षा ने भावुक होते हुए कहा कि उसे तो यकीन ही नहीं हो रहा कि उसने प्रदेश में टॉप किया है। वर्षा ने बताया कि सबसे पहले टीचर ने बताया था कि प्रदेश में उसने टॉप किया है, लेकिन इसके बावजूद उसे यकीन नहीं हुआ। फिर खुद टॉपर की लिस्ट देखी तब जाकर यकीन हुआ कि टॉप किया है। वर्षा ने बताया कि उसे इतना तो पता था कि उसके मार्क्स अच्छे आएंगें, लेकिन उम्मीद नहीं थी कि टॉपर बन जाउंगी। हालांकि वर्षा की मां पूनम ने कहा कि उसने वर्षा को पढ़ते हुए देखा था, इसीलिए उसका मन कह रहा था कि वर्षा जरूर टॉप करेगी।

ये भी पढ़ें- HBSE 10th Result: हरियाणा बोर्ड 10वीं में इन छात्रों ने किया टॉप, देखें लिस्ट

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Below Post Ad